खेल

पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं कर पाए थे क्वालीफाई, अब ओमान को हराकर जिम्बाब्वे ने खोला जीत से खाता

ZIM vs OMN T20 World Cup 2026: ब्लेसिंग मुजरबानी की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद ब्रायन बेनेट की 36 गेंद में नाबाद 48 रन की पारी से जिम्बाब्वे ने आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप बी मैच में सोमवार को यहां 45 गेंद शेष रहते ओमान को आठ विकेट से शिकस्त दी.

 

नई दिल्ली: ओमान को आठ विकेट से हराते हुए जिम्बाब्वे ने अपने वर्ल्ड कप अभियान की धमाकेदार शुरुआत की. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार की दोपहर खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की. 2024 में हुए पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे क्वालीफाई तक नहीं कर पाई थी. कड़वी याद को भूलाते हुए जिम्बाब्वे ने मौजूदा सीजन की शुरुआत दमदार और दृढ़ निश्चय के साथ की. जैसे ही जिम्बाब्वे ने ओमान के टॉप ऑर्डर को 27 रन पर समेटते हुए आधे बल्लेबाजों को डगआउट में भेजा ये तय हो चुका था कि मैच किस ओर जा रहा है.

जिम्बाब्वे का टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला तब सही साबित हुआ, जब ब्लेसिंग मुजरबानी ने नई गेंद से ओमान को शुरुआती झटके देने शुरू कर दिए. मुजरबानी के साथ रिचर्ड नगारवा ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट लिए और ओमान को पावरप्ले के भीतर ही 23 रन पर चार विकेट पर समेट दिया. मुजरबानी, नगारवा और ब्रांड इवांस के तीन-तीन विकेट के बूते जिम्बाब्वे ने ओमान को 103 रन पर ऑलआउट कर दिया. इस स्कोर को जिम्बाब्वे ने आसानी से पूरा करते हुए 39 गेंद शेष रहते साध लिया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने तेज शुरुआत की. सलामी बल्लेबाज तादिवांशे मारुमनी ने 11 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली, लेकिन महमूद की गेंद पर वसीम अली ने शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेज दिया. महमूद ने उसी ओवर में डियोन मायर्स को खाता खोले बिना आउट कर दिया. इसके बाद बेनेट और अनुभवी विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर (30 गेंदों में 31 रन, रिटायर्ड हर्ट) ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर जिम्बाब्वे को 13.3 ओवर में ही जीत दिला दी.
22 साल के बेनेट पिछले कुछ समय से शानदार लय में है, उन्होंने इससे पहले घरेलू सरजमीं पर तीन अर्धशतक और एक शतक लगाकर जिम्बाब्वे को इस विश्व कप में जगह दिलाई थी. अनुभवी टेलर भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेलते हुए टीम को आसान जीत दिलाई.

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button