देश

युवा भारत पर ओवैसी का वार, प्रधानमंत्री मोदी से पूछा- 60% युवाओं को नौकरी और हुनर कब मिलेगा?

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए युवा आबादी, रोजगार, कौशल विकास और जनसंख्या नीति को लेकर तीखे सवाल उठाए।

 

निजामाबाद

 

तेलंगाना के निजामाबाद में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्यसभा भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री यह कहते हैं कि दुनिया की आबादी बूढ़ी हो रही है, जबकि भारत की आबादी युवा है, लेकिन असली सवाल यह है कि इस युवा आबादी के लिए सरकार ने अब तक क्या किया है।

ओवैसी ने कहा “मैं प्रधानमंत्री का भाषण सुन रहा था। उन्होंने कहा कि देश की 60 फीसदी आबादी 40 साल से कम उम्र की है। काश कोई उनसे पूछता कि इन युवाओं के लिए कितनी नौकरियां पैदा की गईं? इन्हें कौन से कौशल सिखाए गए, ताकि ये अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें?”

 

उन्होंने आगे कहा कि देश में मुस्लिम आबादी को लेकर डर फैलाया जाता रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि भारत में मुस्लिम आबादी कभी भी हिंदू आबादी से ज्यादा नहीं होने वाली। ओवैसी के मुताबिक, अब सत्ताधारी दल और उससे जुड़े संगठन यह समझने लगे हैं कि 20-30 साल बाद भारत भी बुजुर्ग होती आबादी की चुनौती का सामना करेगा। ओवैसी ने जोर देकर कहा कि सिर्फ युवा आबादी होना ही काफी नहीं है, बल्कि जरूरी यह है कि उन्हें रोजगार, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण दिया जाए।

आरएसएस प्रमुख के तीन बच्चों वाले बयान पर दी प्रतिक्रिया
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चों वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए ओवैसी ने कहा “अब मोहन भागवत लोगों से तीन बच्चे पैदा करने की बात कर रहे हैं, हालांकि वे खुद ऐसा नहीं कर रहे हैं, वो अलग बात है।” उन्होंने कहा कि पहले यही लोग जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की बात करते थे और अल्पसंख्यकों की आलोचना करते थे, लेकिन अब उन्हें एहसास हो रहा है कि जब किसी देश की आबादी बूढ़ी होने लगती है, तो उसका असर अर्थव्यवस्था और समाज पर कितना गहरा पड़ता है।

गौरतलब है कि ओवैसी का यह बयान तेलंगाना में होने वाले नगर पालिका चुनावों से ठीक पहले आया है। राज्य में 11 फरवरी को मतदान होगा और 13 फरवरी को वोटों की गिनती होगी। यह चुनाव 116 नगर पालिकाओं और सात निगमों के लिए हो रहे हैं। इसके लिए 27 जनवरी से 30 जनवरी तक नामांकन स्वीकार किए गए।

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button