महाराष्ट्र=’एक दिन हिजाब पहनी बेटी बनेगी देश की पीएम’: असदुद्दीन ओवैसी

‘एक दिन हिजाब पहनी बेटी बनेगी देश की पीएम’, पाकिस्तान का जिक्र कर ओवैसी का बड़ा बयान…
सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि एक दिन ऐसा आएगा, जब हिजाब पहनी बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी। इसी के साथ ओवैसी ने पाकिस्तान को भी उसके संविधान के लिए घेरा।
सोलापुर (महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के प्रचार के बीच सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को घेरते हुए देश के प्रधानमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। ओवैसी ने कहा कि एक दिन ऐसा आएगा, जब हिजाब पहनी बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी। इसी के साथ ओवैसी ने पाकिस्तान को उसके संविधान के लिए भी घेरा, जो किसी और धर्म के व्यक्ति को देश का प्रधानमंत्री बनने का इजाजत नहीं देता।
‘मेरा सपना है कि एक दिन…’ ओवैसी ने क्या कहा?
अपने बयान में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान का संविधान साफ तौर पर कहता है कि सिर्फ एक धर्म का व्यक्ति ही देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। लेकिन बाबा साहेब का संविधान कहता है कि भारत का कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है। मेरा सपना है कि एक दिन ऐसा आएगा, जब हिजाब पहनी हुई बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी।
देश में फैली नफरत भी खत्म हो जाएगी: ओवैसी
हिजाब पहनी बेटी के प्रधानमंत्री बनने के सपने पर ओवैसी ने आगे कहा कि हो सकता है कि हम उस वक्त ना रहे, यहां बैठे लोग उस समय ना रहे, लेकिन देखना कि एक दिन ऐसा जरूर आएगा, जब हिजाब पहने हुए बेटी देश की प्रधानमंत्री बनेगी। इसी के साथ ओवैसी ने कहा कि देश में मुस्लमानों के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है। वो भी जल्द खत्म हो जाएगी। यहां तक की नफरत फैलाने वाले भी खुद खत्म हो जाएंगे।
बता दें कि एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इन दिनों निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच महाराष्ट्र में सक्रिय हैं और पार्टी के उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार कर रह हैं। इस दौरान वो महायुति गठबंधन के साथ अजित पवार और कांग्रेस पर जमकर हमलावर हैं।




