सभी राज्य

‘शासन की विफलता, जवाब चाहती है जनता’, पुरी में लड़की को आग लगाने की घटना पर बोले पूर्व CM नवीन पटनायक

ओडिशा के पुरी में एक 16 वर्षीय लड़की को दिनदहाड़े आग लगाए जाने की घटना को पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शासन की विफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं और सरकार की लापरवाही के चलते अपराधी बेखौफ हैं। ओडिशा अब महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। पीड़िता का भुवनेश्वर स्थित एम्स में उपचार चल रहा है।

 

भुवनेश्वर

 

पटनायक ने आगे कहा, यह घटना एक हफ्ते के भीतर यह घटना हुई है। इससे पहले गोपालपुर की खौफनाक घटना के एक महीने के बाद एफएम कॉलेज की एक युवती को भी जब हर दरवाजा खटखटाने के बाद भी न्याय नहीं मिला, तो उसने खुद को आग लगा दी थी। महिलाओं के खिलाफ ऐसी अकल्पनीय घटनाएं अब पूरे ओडिशा से रोजाना सामने आ रही हैं।

सरकार से जवाब चाहती हैं लड़कियां और महिलाएं: पटनायक
उन्होंने आगे कहा, ये अलग-अलग हिंसा के मामले नहीं हैं। इतनी बार ऐसी घटनाएं होना सरकार की प्रणाली में गहरी कमी को दर्शाता है। इससे पता चलता है कि मौजूदा सरकार में अपराधी निडर हो गए हैं और उन्हें सजा मिलने की चिंता नहीं है। यह दिखाता है कि सरकार की लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण के कारण ओडिशा महिलाओं के लिए बहुत असुरक्षित हो रहा है। क्या ओडिशा सरकार इस गहरी नींद से जागेगी और जल्दी कार्रवाई करेगी ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके? और सबसे जरूरी बात, क्या सरकार ऐसे हादसों को दोबारा होने से रोकने के लिए कदम उठाएगी? ओडिशा की लड़कियां और महिलाएं इसका जवाब चाहती हैं।

घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाए सरकार: कांग्रेस
कांग्रेस ने भी राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार इन घटनाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। पार्टी के नेता श्रीकांत जेना ने कहा, ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। लड़की 12वीं की छात्रा है। मुझे पता चला है कि वह ट्यूशन क्लास से लौट रही थी, जब 2-4 लड़कों ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। डॉक्टर उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हो जाएगी। लेकिन चाहे मुख्यमंत्री हों या प्रशासन, उनमें कोई संवेदनशीलता नहीं दिख रही। राज्य में रोजाना ऐसी घटनाएं हो रही हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार ऐसा कानून लाएगी जिससे ऐसे लोगों में डर पैदा हो। तभी ये घटनाएं रुकेंगी, अन्यथा नहीं।

पीड़िता का भुवनेश्वर के एम्स में चल रहा उपचार: जिला मजिस्ट्रेट
पुरी जिले के जिला मजिस्ट्रेट चंचल राणा ने बताया कि पुरी जिले के निमापाड़ा ब्लॉक में बालांडा थाना क्षेत्र के तहत एक 16 वर्षीय लड़की को कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर आग लगा दी। गंभीर रूप से जलने के कारण इस नाबालिग लड़की को भुवनेश्वर के एम्स में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा, हमें निमापाड़ा ब्लॉक के बालांडा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की सूचना मिली है, जिसमें एक लड़की को आग लगा दी गई है। उसके गंभीर रूप से जलने से घाव हुए हैं। हमने एम्स से संपर्क किया है और वहां उसका उपचार और आपातकालीन देखभाल के इंतजाम कर दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री परिदा ने भी घटना पर दुख जताया
चंचल राणा ने आश्वासन दिया कि प्रशासन उपचार के लिए आर्थिक मदद देगा। उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, पुलिस और जिला प्रशासन ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर भेजे गए हैं। जिला प्रशासन और सरकार की ओर से सभी प्रकार की आर्थिक सहायता  प्रदान की जाएगी। हम उम्मीद करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि वह जल्दी ठीक हो जाए। पुलिस सभी आवश्यक कदम उठाएगी। ओडिशा के उप मुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त सजा दी जाएगी।

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button