‘राहुल के लेख ने BJP को बेनकाब किया, लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले चिंतित हैं’, संजय राउत

शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी के लेख को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- कि राहुल गांधी का यह लेख दुनियाभर के लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों को चिंता में डालने वाला है। संजय राउत ने राहुल गांधी के लेख को भाजपा के खिलाफ सबूत बताया और कहा कि लोकतंत्र में भरोसा रखने वाले सभी लोगों को इसके प्रति सतर्क होना चाहिए।
मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हालिया लेख, जिसमें उन्होंने 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मैच फिक्सिंग और धांधली के आरोप लगाए हैं, उससे भाजपा की पोल खुल गई है।
राहुल गांधी एक असाधारण व्यक्ति हैं- संजय राउत
संजय राउत ने दावा किया कि राहुल गांधी का यह लेख दुनियाभर के लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों को चिंता में डालने वाला है। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी एक असाधारण व्यक्ति हैं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर हैं। उनका लेख बताता है कि चुनाव निष्पक्ष नहीं थे।’
राहुल गांधी के आरोप, फडणवीस का पलटवार
राहुल गांधी ने शनिवार को अखबारों और सोशल मीडिया पर प्रकाशित लेख में कहा था कि महाराष्ट्र चुनाव लोकतंत्र को ‘धांधली से हाइजैक’ करने का खाका (ब्लूप्रिंट) था, और आगे बिहार जैसे राज्यों में भी यही दोहराया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके जवाब में कहा कि राहुल गांधी को अपनी हार का आत्मचिंतन करना चाहिए न कि जनता के फैसले को नकारना चाहिए।
‘अगर चुनाव निष्पक्ष होते तो भाजपा 25 सीटें न जीत पातीं’
संजय राउत ने दावा किया कि भाजपा 288 सदस्यीय विधानसभा में 25 सीटें भी नहीं जीत पाती अगर चुनाव निष्पक्ष होते। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजीत पवार की एनसीपी 10 सीटों से ज्यादा नहीं जीत सकती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना’ के नाम पर चुनाव को हाइजैक किया गया और उसी का फायदा महायुति गठबंधन को मिला।
पिछले साल नवंबर में हुए चुनावों में भाजपा ने 132, शिंदे गुट ने 57 और अजीत पवार की एनसीपी ने 41 सीटें जीती थीं। विपक्ष में कांग्रेस को 16, उद्धव ठाकरे गुट को 20 और शरद पवार गुट को 10 सीटें मिली थीं।