5 लाख करोड़ डॉलर दो या अमेरिका की अधीनता स्‍वीकार करो, ट्रंप ने कनाडा को दे दी खुली धमकी

World News

 डोनाल्‍ड ट्रंप ने एक बार फिर कनाडा को धमकी देने वाला बयान दिया है. उन्‍होंने दो टूक कहा है कि अगर कनाडा को उसकी नई सुरक्षा प्रणाली का हिस्‍सा बनना है तो 61 अरब डॉलर का भुगतान करना होगा या फिर आधीनता स्‍वीकार करनी होगी.

 

हाइलाइट्स
  • ट्रंप ने कनाडा को 61 अरब डॉलर चुकाने की धमकी दी.
  • कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनने का विकल्प दिया.
  • ट्रंप की मिसाइल रक्षा योजना पर विवाद बढ़ा.

नई दिल्‍ली.

अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने जबसे गद्दी संभाली है, एक के बाद एक विवाद उनसे जुड़ते ही जा रहे हैं. अब उन्‍होंने कनाडा को एक बार फिर खुली धमकी दे डाली. ट्र्रंप ने कहा है कि कनाडा या तो उसकी आधीनता स्‍वीकार करके उसका 51वां राज्‍य बन जाए अथवा 61 अरब डॉलर (करीब 5 लाख करोड़ रुपये) चुकाने के लिए तैयार रहे. आखिर डोनाल्‍ड ने किस बात के लिए कनाडा से इन पैसों की मांग की है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से कहा है कि अगर वह उनके प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली का हिस्सा बनना चाहता है, तो उसे 61 अरब डॉलर चुकाने होंगे, जब तक कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका का 51वां राज्य बनने का विकल्प नहीं चुनता. अगर कनाडा इस देनदारी से बचना चाहता है तो उसे अमेरिका में शामिल होना पड़ेगा.

क्‍या बोले डोनाल्‍ड ट्रंप
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मैंने कनाडा से (जो हमारे शानदार गोल्डन डोम सिस्टम का हिस्सा बनना चाहता है) कहा है कि अगर वे एक अलग, लेकिन असमान राष्ट्र बने रहते हैं, तो उन्हें 61 अरब डॉलर खर्च करने होंगे. लेकिन, अगर वे हमारे प्रिय 51वें राज्य बन जाते हैं, तो उन्हें शून्य डॉलर खर्च करने होंगे. हम इस प्रस्‍ताव पर विचार कर रहे हैं, अब कनाडा की बारी है.’

क्‍या है ट्रंप की रक्षा मिसाइल योजना
ट्रंप की यह टिप्पणी उनके महत्वाकांक्षी मिसाइल रक्षा योजना के अनावरण के कुछ दिनों बाद आई है. इस योजना का उद्देश्य अंतरिक्ष-आधारित इंटरसेप्टर शील्ड बनाना है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों, हाइपरसोनिक्स और उन्नत क्रूज मिसाइलों से सुरक्षा प्रदान करेगा. ट्रंप ने दावा किया कि यह परियोजना उनके कार्यकाल के अंत तक पूरी तरह से चालू हो जाएगी, हालांकि विशेषज्ञों ने इस तकनीक की व्यवहार्यता पर सवाल उठाए हैं.