देश

पुतिन के लापरवाह एक्शन से पूरे यूरोप की सुरक्षा को खतरा: ब्रिटिश पीएम जॉनसन

,नई दिल्ली

रूसी सैनिकों के हमले के बाद यूक्रेन में ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में शुक्रवार तड़के आग लग गई। पास के शहर एनरगोडर के मेयर ने इसकी जानकारी दी है। यूक्रेन के कुछ हिस्सों में भारी लड़ाई और गोलाबारी जारी है। रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल रूसी आक्रमण पर चर्चा के लिए गुरुवार को ब्रेस्ट में दूसरे दौर की वार्ता के लिए मिले। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि अगर यूक्रेन रूसी सेना के हाथों में जाता है, तो अगला निशाना बाल्टिक राज्य हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सीधी बातचीत युद्ध को समाप्त करने का एकमात्र तरीका है। आपको बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण की घोषणा की थी। इस युद्ध के एक सप्ताह हो चुके हैं। 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। अभी तक सैकड़ों लोगों की जान गई है। रूस-यूक्रेन युद्ध पर ताजा अपडेट के लिए livehindustan.com के साथ जुड़े रहें।

Fri, 04 Mar 2022 10:41 AM

यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कोई विकिरण परिवर्तन नहीं: IAEA

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि यूक्रेन में रूसी सेना के हमले का शिकार हुए परमाणु ऊर्जा संयंत्र में विकिरण के स्तर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। आईएईए ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा नियामक के हवाले से ट्वीट कर शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएईए ने टि्वटर पर कहा कि उसके महानिदेशक मारियानो ग्रॉसी जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्मीगल और यूक्रेनी परमाणु ऊर्जा नियामक और संचालक के लगातार संपर्क में बने हुए हैं।

Fri, 04 Mar 2022 10:40 AM

यूक्रेन ने फीफा से स्कॉटलैंड के खिलाफ विश्व कप प्ले आफ मुकाबला स्थगित करने को कहा

फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने कहा है कि यूक्रेन ने स्कॉटलैंड के खिलाफ विश्व कप क्वालीफाइंग मुकाबला स्थगित करने की मांग की है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद देश में घरेलू फुटबॉल टूर्नामेंट बंद हो गए हैं। फीफा ने गुरुवार को कहा, ”फीफा पुष्टि कर सकता है कि उसे आज यूक्रेन फुटबॉल संघ से मार्च में होने वाले उनके मुकाबलों को स्थगित करने का निवेदन मिला है।”

Fri, 04 Mar 2022 10:01 AM

जॉनसन बोले- पुतिन ने पूरे यूरोप को खतरे में डाला

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पर पूरे यूरोप को खतरे में डालने का आरोप लगाया। जॉनसन ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमले करके पूरे यूरोप को खतरे में डाल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के लापरवाह कार्यों से अब सीधे पूरे यूरोप की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

Fri, 04 Mar 2022 09:52 AM

वायुसेना के 3 और C-17 विमान हिंडन एयरबेस पर पहुंचे

यूक्रेन संघर्ष से प्रभावित 630 भारतीय नागरिकों को लेकर ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय वायुसेना के 3 और C-17 विमान कल देर रात और आज सुबह हिंडन एयरबेस पर पहुंचे। भारतीय वायु सेना ने बताया कि इसके लिए रोमानिया और हंगरी में हवाई क्षेत्रों का इस्तेमाल किया गया।

Fri, 04 Mar 2022 09:49 AM

यूक्रेन के कीव में रूसी हमलों के बाद की तस्वीरें…

Fri, 04 Mar 2022 09:15 AM

अमेरिकी प्रशासन ने यूक्रेनी नागरिकों को मानवीय सहायता की पेशकश की

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने देश में मौजूद यूक्रेन के लोगों को मानवीय सहायता की पेशकश की, जो हजारों लोगों को उनके युद्धग्रस्त देश भेजे जाने से उनकी रक्षा कर सकता है। संघीय कार्यक्रम ‘टेंपरेरी प्रोटेक्टेड स्टेटस’ (अस्थायी संरक्षित दर्जा) के तहत यूक्रेन के नागरिक 18 महीने तक देश में रह सकते हैं। संरक्षण का पात्र होने के लिए किसी व्यक्ति का कम से कम मंगलवार से अमेरिका में होना आवश्यक है।

Fri, 04 Mar 2022 08:46 AM

यूक्रेन में फंसे 185 भारतीय नागरिकों को बुखारेस्ट से लेकर विशेष विमान मुंबई पहुंचा

यूक्रेन में फंसे 185 यात्रियों को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लेकर एक विशेष विमान गुरुवार देर रात मुंबई पहुंचा। केन्द्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’ के विमान से आए लोगों का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पहुंचा यह चौथा निकासी विमान था। बुडापेस्ट से एक और विमान के शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है

Fri, 04 Mar 2022 08:12 AM

न्यूक्लियर प्लांट पर चौतरफा हमला कर रही है रूसी सेना: यूक्रेन

Fri, 04 Mar 2022 08:11 AM

यूक्रेन में मिसाइल नहीं भेजेगा नाटो: जर्मनी

जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने गुरुवार को कहा कि नाटो की यूक्रेन में मिसाइल तैनात करने की कभी कोई योजना नहीं थी। स्कोल्ज़ ने गुरुवार देर रात जेडडीएफ ब्रॉडकास्टर को बताया,”वह (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन) यूक्रेन में मिसाइलों को तैनात करने की नाटो की योजना को लेकर चिंतित थे, जो मॉस्को को निशाना बना सकती थीं लेकिन किसी की भी ऐसी योजना नहीं थी।” जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने कहा कि यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने का नर्णिय सही कदम है।

Fri, 04 Mar 2022 07:41 AM

रूस-यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच भारतीय छात्र को लगी गोली

रूस और यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच एक भारतीय छात्र को गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के राज्य मंत्री (MoS) जनरल वीके सिंह ने एएनआई को यह जानकारी दी है। कुछ दिनों पहले ही गोली लगने से एक भारतीय छात्र की मौत हुई थी।

Fri, 04 Mar 2022 07:18 AM

रूस और यूक्रेन ने तीसरे दौर की वार्ता जल्द होने की उम्मीद जतायी

यूक्रेन और रूस के वार्ताकारों ने बृहस्पतिवार को कहा कि युद्ध पर तीसरे दौर की वार्ता जल्द ही होगी। पोलैंड की सीमा के समीप बेलारूस में बृहस्पतिवार को वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सलाहकार व्लादिमीर मेदिन्स्की ने कहा कि दोनों पक्षों की ”स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है, संघर्ष के राजनीतिक समाधान से संबंधित मुद्दों समेत एक-एक बात लिखी गयी है।”

Fri, 04 Mar 2022 07:17 AM

Russia-Ukraine War: यूक्रेन में अभी सबसे बुरा दौर आना बाकी : मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन से करीब 90 मिनट बात की। इस बातचीत के बाद मैक्रों के हवाले से कहा गया कि रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग में अभी सबसे बुरा दौर आना बाकी है। मैक्रों के सहयोगियों ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुतिन की बातचीत से लगता है कि वो पूरे यूक्रेन पर कब्जा करना चाहते हैं। सूत्रों का कहना है कि पुतिन ने बातचीत में ऐसा कोई भी आश्वासन नहीं दिया है, जिससे ये लगे कि रूस युद्ध रोकने का इरादा रखता है।

Fri, 04 Mar 2022 07:16 AM

गोलाबारी के कारण चेर्नीहीव में 22 लोगों की मौत

यूक्रेन के उत्तरी शहर चेर्नीहीव में रूसी सेना के हमले में 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। चेर्नीहीव गवर्नर के हवाले से बताया है कि रूसी सेना द्वारा की गई कार्रवाई में 22 लोग मारे गए हैं। यूक्रेनियन संसद ने यूक्रेन में रूस या रूस के नागरिकों के स्वामित्व वाली संपत्ति को जब्त करने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में यूक्रेन की संसद में एक विधेयक पेश किया गया था, जिसे अब मंजूरी दे दी गई है।

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button