अमेरिका से लौटे भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार पर विपक्ष का संसद में प्रदर्शन

अमेरिका से लौटे भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार पर संसद में विपक्ष का विरोध
संसद परिसर में प्रदर्शन
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने अमेरिका से 100 से अधिक अवैध प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने और उनके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और विरोध प्रदर्शन में शामिल कई अन्य विपक्षी सांसदों ने अपने हाथों में हथकड़ी पहन रखी थी। उन्होंने ‘देश का अपमान नहीं सहेंगे’ और ‘मोदी सरकार हाय हाय’ के नारे लगाए। विपक्षी सांसदों ने अपने हाथों में तख्तियां भी ले रखी थीं। इनमें से कुछ तख्तियों पर ‘हर हिंदुस्तानी का स्वाभिमान यही, न्याय दो जंजीर नहीं’ लिखा हुआ था।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कई अन्य विपक्षी नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। राहुल गांधी ने अमेरिका से वापस भेजे एक प्रवासी हरविंदर के बयान का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया जिसमें वह यह कहते सुने जा सकते हैं कि 40 घंटों तक उनके हाथों में हथकड़ी लगाई गई थी और पैरों को भी जंजीर से बांधा गया था।
वाम दल के सांसदों ने भी भारतीय प्रवासियों के साथ हुए व्यवहार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि भारतीय प्रवासियों के साथ ‘‘अमानवीय’’ व्यवहार किया गया।उल्लेखनीय है कि अमेरिका से 104 ‘अवैध’ भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को अमृतसर में उतरा। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा वापस भेजा गया यह भारतीयों का पहला जत्था है।