इस IPL टीम के साथ जुड़ सकते हैं वीवीएस लक्ष्मण, NCA में विक्रम राठौर ले सकते हैं उनकी जगह

खेल

Loading

खबर है कि विक्रम राठौर बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के नए हेड के रूप में वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) की जगह ले सकते हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार, एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण का कॉन्ट्रैक्ट सितंबर में समाप्त हो रहा है.

नई दिल्ली.

भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया था. खबर है कि वे बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के नए हेड के रूप में वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) की जगह ले सकते हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार, एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण का कॉन्ट्रैक्ट सितंबर में समाप्त हो रहा है. वह इसे आगे भी नहीं बढ़ाना चाहते हैं.

स्पोर्ट्स तक ने सूत्र के हवाले से बताया कि इस बात की बहुत संभावना है कि आप राठौर को एनसीए का प्रमुख बनते हुए देखें. फिलहाल, वीवीएस लक्ष्मण के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर अभी कन्फर्म जानकारी नहीं है. लेकिन इसकी उम्मीद है कि वह सितंबर में एनसीए छोड़ देंगे. हालांकि, इस संबंध में कोई भी घोषणा बीसीसीआई सचिव जय शाह के श्रीलंका से लौटने के बाद की जाएगी. राठौर को एनसीए का कार्यभार संभालने के लिए कहा जा सकता है. आईसीसी बैठक के बाद बीसीसीआई सचिव (जय शाह) वीवीएस से बात करेंगे.

अपने दो साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान भारत के लिए छह टेस्ट और सात वनडे खेलने वाले 55 वर्षीय विक्रम राठौर को अगस्त 2019 में संजय बांगर का कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद भारत का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया था. नवंबर 2021 में जब राहुल द्रविड़ ने भारतीय टीम के हेड कोच के रूप में कार्यभार संभाला तो उन्हें बल्लेबाजी कोच के रूप में कार्यकाल आगे बढ़ाने के लिए कहा गया.

एलएसजी में शामिल हो सकते हैं वीवीएस लक्ष्मण
एनसीए में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद वीवीएस लक्ष्मण आईपीएल टीम लखनऊ सुपरजायंट्स के साथ जुड़ सकते हैं. वह फ्रेंचाईजी की कोचिंग स्टाफ में शामिल हो सकते हैं. यह जानकारी टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सूत्र के हवाले से दी है. हालांकि, सिंतबर में यह कन्फर्म हो जाएगा विक्रम राथौड़ और लक्ष्मण कहां जाते हैं.