प्रदीप रावत अपने करियर की शुरुआत में सलमान खान के काफी करीब रहे हैं. दोनों ने ‘बागी’ और ‘संगदिल सनम’ जैसी फिल्मों में काम किया है. हाल ही में प्रदीप रावत ने सलमान खान की लव लाइफ को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि संगीता बिजलानी और सोमी अली से ब्रेकअप के बाद उन पर कितना असर पड़ा था.
नई दिल्ली.
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भले ही अब तक शादी नहीं की है, लेकिन बॉलीवुड की कई हसीनाओं के साथ उनका रिश्ता रहा है. सोमी अली और संगीता बिजलानी को सलमान खान ने काफी समय तक डेट किया, लेकिन उनका रिश्ता ज्यादा दिनों तक चल नहीं पाया था. सलमान खान के साथ ‘बागी’ फिल्म में काम कर चुके प्रदीप रावत ने बताया कि उन्होंने भाईजान की लव लाइफ को बहुत करीब से देखा है.
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने बताया, ‘सलमान खान बड़े दिलवाले हैं. वह कमाल के इंसान हैं. सोमी अली से जब ब्रेकअप हुआ था तो सलमान खान पर कुछ खास असर नहीं पड़ा था, लेकिन सोमी अली का दिल बुरी तरह टूट गया था. उन पर ज्यादा बीती थी. सलमान खान बहुत हैंडसम हैं. उनमें कोई कमी नहीं है. सोमी अली और सलमान मेरे दोस्त थे. दोनों मुझे अपनी-अपनी स्टोरी सुनाते थे.’ प्रदीप रावत ने बताया कि कुछ समय बाद वह धीरे-धीरे सलमान खान के सर्कल से बाहर निकल गए थे.
संगीता बिजलानी पर पड़ा था ज्यादा असर
जब पूछा गया कि सलमान खान से ब्रेकअप के बाद संगीता बिजलानी पर क्या बीती थी? तो इसके जवाब में प्रदीप रावत ने कहा, ‘जाहिर तौर पर संगीता बिजलानी पर ज्यादा असर पड़ा था. सलमान जैसे इंसान को कौन खोना चाहेगा.’ प्रदीप से पूछा गया गया कि क्या सलमान खान हार्टब्रेकर थे? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. कभी-कभी स्थिति ऐसी होती है कि कई चीजें अनजाने में हो जाती हैं. कुछ गलतफहमियां हो जाती हैं. सलमान बहुत साफ दिल वाले इंसान हैं. वह किसी को चोट नहीं पहुंचा सकते हैं.’
अगले साल रिलीज होगी सलमान खान की ‘सिकंदर’
वर्क फ्रंट की बात करें तो पिछले साल सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया. अब वह ‘सिकंदर’ मूवी में नजर आएंगे, जिसे साउथ फिल्ममेकर एआर मुरुगदास बना रहे हैं. यह मूवी अगले साल ईद के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
