महिला टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 10 फरवरी से साउथ अफ्रीका (South Africa) में होगी. टीम इंडिया (Team India) को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. भारतीय टीम में दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) भी शामिल हैं. ऑफ स्पिनर दीप्ति ने हाल ही में साउथ अफ्रीका में हुई ट्राई सीरीज सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. मैदान पर जितनी शानदार दीप्ति की गेंदबाजी है] उतनी ही दिलचस्प उनके क्रिकेट सफर की कहानी भी है.
नई दिल्ली.
आगरा के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली दीप्ति शर्मा ने बचपन में कभी नहीं सोचा था कि वे भारतीय टीम का हिस्सा होंगी. उनका क्रिकेट में आना इत्तेफाकन हुआ. दीप्ति के बड़े भाई सुमित शर्मा क्रिकेटर थे. वह अक्सर उनके साथ मैदान पर जाने की जिद करती थी. एक रोज सुमित उन्हें अपने साथ स्टेडियम ले गए. सुमित जब खेल रहे थे, तब एक गेंद दीप्ति के पास पहुंची. जब भाई ने गेंद वापस करने को कहा तो दीप्ति ने करीब 50 मीटर से बॉल थ्रो की, जो सीधे जाकर स्टंप पर लगी.
इसी दौरान मैदान में मौजूद भारतीय महिला टीम की सेलेक्टर हेमलता काले की नजर दीप्ति पर पड़ गई. उन्होंने सुमित से कहा, तुम अपनी बहन को क्रिकेट खिलाओ, यह एक दिन जरूर भारत के लिए खेलेगी. इसके बाद दीप्ति को घर से क्रिकेट खेलने की इजाजत मिल गई. ऑलराउंडर दीप्ति ने अपनी शुरुआत बतौर ऑफ स्पिनर की थी. उन्होंने 28 नवंबर 2014 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया.
कभी नहीं रहे लड़कियों वाले शौक
अमूमन लड़कियों को बचपन से फैंसी ड्रेस और ज्वैलरी पसंद होती है, लेकिन दीप्ति को कभी ऐसे शौक नहीं रहे. न उन्होंने कभी सलवार सूट पहना और न ही कान छिदवाए. मां ने कई बार कोशिश की, लेकिन दीप्ति ने साफ मना कर दिया.
अंग्रेजों को सिखाया सबक
बीते सितंबर में भारतीय महिला टीम ने 3 वनडे मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप किया. सीरीज का आखिरी मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा था. इस मैच में इंग्लैंड की टीम जीत की तरफ बढ़ती दिख रही थी, लेकिन ऐन मौके पर दीप्ति ने मांकडिंग कर बाजी भारत के पक्ष में पलट दी. इंग्लैंड की बैटर चार्ली डीन गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज से बाहर निकल गई थीं, दीप्ति ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें रनआउट कर दिया. जीता हुआ मैच हाथ से निकलता देख चार्ली ने रोते हुए मैदान छोड़ा.
साउथ अफ्रीका में किया बेहतरीन प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले साउथ अफ्रीका में भारत, वेस्टइंडीज और मेजबान मुल्क की टीमों के बीच टी20 सीरीज खेली गई. इसमें दीप्ति शर्मा ने 9 विकेट चटकाए. दीप्ति ने अब तक 87 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 96 विकेट दर्ज हैं. बाएं हाथ की बैटर दीप्ति ने कई मौकों पर अपने बल्ले से भी टीम को जीत दिलाई है.
