मोदी सरकार की नफरत भरी राजनीति के खिलाफ है “भारत जोड़ो यात्रा ”: खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे ने कहा कि बिहार की धरती वसूलों की लड़ाई लड़ने वालों की रही है।
भागलपुर
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इसी के लिए है। कांग्रेस के युवा नेता राहुल गांधी अब तक 3120 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर चुके हैं। कांग्रेस हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से आम लोगों की आवाज उठाती रही है। आगे भी उठाएगी। बेरोजगारी,महंगाई और कमजोर आर्थिक व्यवस्था के लिए आज भी हम संघर्ष कर रहे हैं। मगर केंद्र की मोदी सरकार नफरत फैलाने के सिवा देश में कुछ भी नहीं कर रही है।
वे गुरुवार को भागलपुर प्रमंडल के बौंसी के ऐतिहासिक मंदार पर्वत की तलहटी से बिहार के लिए भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ करने आए थे। यह यात्रा बारह सौ किलोमीटर की दूरी तय कर अंतिम में बौद्ध गया पहुंचेगी। जनसभा मेंं उनको सुनने के लिए काफी भीड़ पहुंची थी। उन्होंने कहा कि मोदी जी खोखले वायदे करते हैं। नौकरी और कालेधन लाकर 15 लाख रुपए गरीबों के खाते में जमा करने के झूठे वायदे किए। ऊपर से कहते हैं कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया?
खड़गे ने कहा कि हमने देश की इतनी तरक्की की कि आज मोदी जी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। आईआईटी, मेडिकल कालेज देश में उच्च शैक्षणिक संस्थाएं दी। पंडित नेहरू ने पंचवर्षीय योजनाएं चलाकर देश की तरक्की की। जम्हूरियत और संविधान की रक्षा की। देश को आजाद कराने के लिए कुर्वानी दी। मगर मोदीजी आप बताइए आपका क्या योगदान देश की आजादी में था। कोई भाजपा का कार्यकर्ता कभी आजादी के लिए गिरफ्तारी दी। न गिरफ्तारी दी न कुर्बानी। जनता तय करें कि कांग्रेस झूठी या मोदीजी।
उन्होंने कहा कि देश में 30 लाख पद सरकारी नौकरी के लिए आज भी खाली पड़े हैं। ये पद रेलवे,सेना,शिक्षा के क्षेत्र में रिक्त पड़े हैं। मगर मोदी सरकार अग्निवीर बना रही है। चार साल के बाद ये युवा क्या करेंगे। क्या पकौड़े बेचेंगे। स्थायी नौकरी के बदले समाज में नफरत फैलाई जा रही है। इसको समझने की जरूरत है न कि मोदी-मोदी करने की। हम जिंदा रहेंगे तभी आगे बढ़ेंगे।
खड़गे ने कहा कि बिहार की धरती हमेशा से वसूलों की लड़ाई लड़ने वालों की रही है। मोहन दास करमचंद गांधी बिहार आकर चंपारण सत्याग्रह किया। तभी वे महात्मा गांधी बने। बिहार भगवान महावीर और बुद्ध की धरती है। बिहार हमेशा से दुनिया को रोशनी दिखाने का काम किया। मार्गदर्शन किया है। श्रीबाबू, बाबू जगजीवन राम ने नेहरू-इंदिरा जी के जमाने में देश की तरक्की में हाथ बंटाया। लेकिन उसी बिहार के लोग रोजी- रोटी के लिए प्रदेश से बाहर जाने को मजबूर हैं। यहां कोई कारखाना नहीं है। माेदी सरकार रोजगार देने के बजाए नफरत फैला रही है।
उन्होंने कहा कि नफरत की बजाए मोहब्बत फैलाइए। जनता से अपील की कि भाईचारे के साथ रहिए। जम्हूरियत की रक्षा कीजिए। टीवी चैनलों पर नोटबंदी पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद बीजेपी वाले ऐसा बोल रहे हैं कि ड्राइवरी का लाइसेंस मिल गया हो। इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह, मदन मोहन झा, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजित शर्मा आदि मौजूद थे।