RRR: गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में नॉमिनेशन के लिए प्रियंका चोपड़ा ने रामचरण और जूनियर एनटीआर को दी बधाई, किया पोस्ट

RRR एस एस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म आरआरआर को गोल्डन ग्लोब 2022 के लिए हाल ही में नॉमिनेट किया गया। इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर इस बड़ी सफलता को हासिल करने वाले रामचरण सहित पूरी स्टारकास्ट को प्रियंका चोपड़ा ने बधाई दी।
नई दिल्ली,
Priyanka chopra applaued RRR Team: एस एस राजामौली, रामचरण, आलिया भट्ट के साथ इस वक्त आरआरआर के मेकर्स की खुशी सातवें आसमान पर है। इस फिल्म को ग्लोबल स्तर पर दर्शकों का खूब प्यार मिला ही रहा है, लेकिन इसके अलावा तेलुगु फिल्म ‘आरआरआर’ साल 2022 की एक अकेली ऐसी इंडियन फिल्म है, जिसे साल 2023 में गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2023 के लिए नॉमिनेट किया गया है। इस फिल्म के दुनियाभर में मिल रहे सम्मान से बॉलीवुड इंडस्ट्री भी काफी खुश नजर आईं। बॉलीवुड की देसी गर्ल और ग्लोबल आइकॉन बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने भी आरआरआर की पूरी टीम को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड 2023 के लिए बधाई दी।
प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर टीम को दी शाबाशी
प्रियंका चोपड़ा ने आरआरआर टीम को बधाई देते हुए अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में एक्ट्रेस ने आरआरआर मेकर्स द्वारा पोस्ट को शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रियंका ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के साथ आरआरआर का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘एस एस राजामौली, जूनियर एनटीआर, रामचरण और आलिया भट्ट सहित पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई’। इस के साथ उन्होंने हैंड्स अप और ताली वाला इमोजी भी शेयर किया। आपको बता दें कि रामचरण ने प्रियंका चोपड़ा के साथ जंजीर के रीमेक में काम किया था। प्रियंका चोपड़ा के अलावा बॉलीवुड से लेकर टॉलीवुड सिनेमा तक के लोगों ने आरआरआर को इस अन्तराष्ट्रीय सफलता के लिए बधाई दी।
इन दो अलग-अलग कैटेगरी में मिला नॉमिनेशन
रामचरण, जूनियर एनटीआर और आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड 2023 में दो अलग-अलग कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं। पहला नॉमिनेशन इसे नॉन इंग्लिश लैंग्वेज बेस्ट फिल्म में मिला है और दूसरा नॉमिनेशन इसे लोकप्रिय गाने नाटू-नाटू के लिए मिला है। जिन फिल्मों के साथ आरआरआर का मुकाबला होने वाला है, उसमें कोरियाई फिल्म ‘डिसिजन टू लीव’, जर्मन फिल्म ‘ ऑल क्वाइट ऑन वेस्टर्न फ्रंट’, अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना, 1985’ और फ्रांसीसी-डच फिल्म ‘क्लोज़’ से है।
दुनियाभर में एस एस राजामौली की आरआर ने की थी इतनी कमाई
आरआरआर 24 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से आलिया भट्ट ने साउथ इंडस्ट्री में कदम रखा था। इस फिल्म ने इंडिया में ही 100 करोड़ का आंकड़ा नहीं पार किया, बल्कि दुनियाभर में भी शानदार कमाई की। रामचरण की इस फिल्म ने दुनियाभर में 1200 करोड़ तक की कमाई की थी। फिल्म की कहानी 1920 के दो रियल लाइफ दो भारतीय नायकों पर आधारित है, जिन्होंने निजाम और अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह किया था। हाल ही में इस फिल्म को जापान में रिलीज किया गया था, जहां फिल्म को काफी अच्छा रिस्पांस मिला था।