अरविंद केजरीवाल बोले- किसानों ने हमें सिखाया कि धैर्य के साथ कैसे लड़ना है

नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन को एक साल पूरा होने पर दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि देश के किसानों ने हम सभी को यह सिखाया है कि धैर्य के साथ अधिकार के लिए कैसे लड़ना है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ”आज किसान आंदोलन को पूरा एक साल हो गया है। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने गर्मी-सर्दी, बरसात-तूफान के साथ अनेक साजिशों का भी सामना किया। देश के किसान ने हम सबको सिखा दिया कि धैर्य के साथ हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। किसान भाइयों के हौसले, साहस, जज्बे और बलिदान को मैं सलाम करता हूं।”
केजरीवाल ने कहा कि किसानों की जो भी मांगे हैं हम उसका पूरा समर्थन करते हैं। अजय मिश्रा ‘टेनी’ को केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए। किसानों की MSP की मांग जायज है। किसानों पर जितने भी झूठे मामले दर्ज किए गए हैं उन्हें वापस लिया जाए। किसान आंदोलन के दौरान जिन 700 से ज्यादा किसानों की मौत हुई है उनके परिवारों को भी उचित मुआवजा दिया जाए। किसान जब तक वहां बैठें हैं, हम उनके साथ हैं। किसान तय करेंगे कि वो वहां से कब उठेंगे।
किसान आंदोलन के दौरान जिन 700 किसानों की मौत हुई है उनके परिवारों को उचित मुआवज़ा दिया जाए। किसान जब तक वहां बैठें हैं हम उनके साथ हैं। किसान तय करेंगे कि वो वहां से कब उठेंगे: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल https://t.co/4InC6TONF2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 26, 2021
किसान बीते साल 26 नवंबर, 2020 से दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस बीच, किसान संघों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने किसान आंदोलन की पहली वर्षगांठ पर विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए हैं।
इस बीच, भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और अन्य मांगों के लिए सरकार पर दबाव बनाने को 29 नवंबर को संसद तक ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।