‘11 महीने से एक अनजान शख्स मेरे घर पर रह रहा है’ करण मेहरा का निशा रावल पर धोखा देने का आरोप

ये रिश्ता क्या कहलाता है फेम करण मेहरा पर निशा रावल ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि करण का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था। अब इस पूरे मामले पर करण ने चुप्पी तोड़ी है और अपनी सफाई दी।
मुंबई
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम करण मेहरा कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। वह अपनी पत्नी निशा रावल से अलग हो चुके हैं। निशा ने करण पर घरेलू हिंसा और मारपीट का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि करण का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। इस पूरे मामले में करण मेहरा को जेल भी हुई थी। बाद में वह जमानत पर रिहा हुए। करण ने इतने वक्त तक चुप्पी साधे रखी। अब उन्होंने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उनके जाने के बाद एक गैर मर्द 11 महीनों से उनके घर पर रह रहा है।
निशा के कबूलनामे पर कही ये बात
करण मेहरा ने टीवी 9 को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘अपने अफेयर की बात उन्होंने खुद मानी है। मैंने फिर भी उन्हें दोबारा घर आने दिया। हमने नई शुरुआत की कोशिश की थी।‘ दरअसल निशा ने रियलिटी शो ‘लॉकअप’ में कबूल किया था कि शादी के बाद एक शख्स के साथ उनका अफेयर था। उस वक्त करण के साथ उनकी अनबन चल रही थी जिसकी वजह से उनका अट्रैक्शन बढ़ा। बाद में उन्होंने यह बात करण को बताई और माफी मांगी थी।
‘लड़ाई जारी रहेगी’
करण ने आगे कहा, ‘मेरे घर में आज भी एक आदमी रहता है। पिछले 11 महीने से वो शख्स मेरे घर पर रह रहा है। वह अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर मेरे घर आया है। सभी को यह पता है। मैं अपनी लड़ाई लडूंगा और मुझे पता है जीत मेरी होगी।
‘छवि खराब करने की कोशिश’
करण कहते हैं, ‘मुझे मेरे ही घर से निकाल दिया गया है। 20 साल की मेहनत और मेरी छवि को खराब करने की कोशिश हुई, जिससे उन्हें मेरी प्रॉपर्टी, गाड़ी, घर, पैसा, बिजनेस सब मिल जाए। इन सबसे मैं गुजर रहा हूं।‘ करण का दावा है कि निशा के दोस्त मनीषा खटवानी और रोहित वर्मा जो उस वक्त उनका साथ दे रहे थे अब उनके साथ नहीं हैं।