“मोदी जी एक रुपया देते हैं और 10 रुपये निकाल लेते हैं :दिग्विजय सिंह

मोदी जी 1 रुपया देते हैं और जनता की जेब से 10 रुपये निकाल लेते हैं, न जाने कब श्रीलंका जैसा हाल हो जाए, दिग्विजय सिंह का तंज..
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी जी कांग्रेस मॉडल यानी गांधी नेहरू विचारधारा ही देश को आगे लेकर जा सकती है।
नई दिल्ली
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के जन जागरण अभियान के बीच केंद्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “मोदी जी एक रुपया देते हैं और 10 रुपये निकाल लेते हैं और जब इसका विरोध किया जाता है तो कहा जाता है कि हिंदू धर्म खतरे में है।”
उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और श्रीलंका के आर्थिक हालात का जिक्र करते हुए कहा, “ना जाने कितने दिनों में भारत की स्थिति श्रीलंका जैसी ना हो जाए। हमें इसकी चिंता नहीं क्योंकि हिंदू धर्म खतरे में है, जय श्री राम!” इस दौरान दिग्विजय ने यह भी कहा कि जीएसटी हो या मनरेगा, मोदी जी ने इनका विरोध किया, लेकिन अब उनका ही श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस मॉडल यानी गांधी नेहरू विचारधारा ही देश को प्रगति पर ले जा सकती है। प्रेम सद्भाव ही सनातन हिंदू धर्म है ना कि ‘हिंदुत्व’।
कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ जन जागरण अभियान
कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ एक जन जागरण अभियान शुरू किया है। दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट कर लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि टॉल फ्री नंबर पर मिस कॉल करके आप इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
दिग्विजय के ट्वीट पर यूजर्स की प्रतिक्रिया
दिग्विजय के ट्वीट पर यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा कि बिना सब्सिडी के ही सही पर गैस सिलेंडर मिल तो रहा है और वो भी नंबर लगाने के सिर्फ आधे घंटे में घर पर आ जाता है। जनता कांग्रेस सरकार के वो दिन नहीं भूली है जब गैस सिलेंडर के लिए एक से डेढ़ घंटे का इंतजार करना होता था और वो भी एक किलोमीटर लाइन में लगकर मिलता था या फिर 1200 रुपये में ब्लैक में मिलता था।
दिग्विजय सिंह के श्रीलंका वाले ट्वीट पर एक यूजर ने कहा कि वहां की भी हालत कांग्रेस जैसी हो गई है, लेकिन फिर भी श्रीलंका को तो मदद करके मोदी जी बचा लेंगे, लेकिन कांग्रेस का क्या। एक अन्य यूजर ने कहा कि कांग्रेस की हालत श्रीलंका से भी ज्यादा बदतर हो गई है।