भाजपा सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति महज दिखावा, झूठ के सहारे अभी से गिनाई जा रही उपलब्धियां: अखिलेश यादव

Breaking News

Loading

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राज में थाने, तहसील व कलेक्ट्रेट भ्रष्टाचार के अड्डे बना दिये गये हैं। सोमवार को सपा मुख्‍यालय से जारी एक बयान में सपा प्रमुख यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति महज दिखावा है।

सत्ता के संरक्षण में प्रशासन निर्दोषों, गरीबों का उत्पीड़न करने में लग गया है  

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में प्रशासन निर्दोषों, गरीबों का उत्पीड़न करने में लग गया है और किसानों पर बुलडोजर चल रहा है।  यादव ने आरोप लगाया कि झूठ के सहारे अभी से उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में ”दावों का फरेबी ताजमहल” गढ़ने का कोई हिसाब नहीं है। सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की पिछली सरकार में पांच लाख नौकरियां दिये जाने का दावा किया गया था, जिसके आंकड़े आज तक सार्वजनिक नहीं किये गये कि किसको, कहां नौकरी मिली?

भाजपा सरकार की नयी घोषणाएं महज झांसा हैं 

उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार 100 दिन में 10 हजार नौकरियां देने का वादा कर रही है, जबकि इनकी करनी और कथनी को सभी ने देखा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार की नयी घोषणाएं महज झांसा हैं और युवाओं की नौकरी, रोजगार के प्रति भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनशून्य है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

उत्तर प्रदेश में नफरत फैलाकर क्यों अत्याचार को छूट दे रखी है? 

यादव ने सवाल उठाया कि ‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास‘ के नारे से लोगों को गुमराह करने में माहिर भाजपा नेतृत्व को इस बात का जवाब देना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में नफरत फैलाकर क्यों अत्याचार को छूट दे रखी है? यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा का एजेंडा समाज को बांटकर अपना राजनीतिक स्वार्थ साधना है।