गुजरात पहुंचे राहुल ने कहा- उनके पास CBI, ईडी, पुलिस और गुंडे हैं, अंत में केवल सत्य मायने रखता है.

द्वारका
देवभूमि द्वारका पहुंचने पर गुजरात कांग्रेस प्रभारी राहुल गांधी का गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष और सीएलपी लीडर सुखराम राठवा और प्रदेश नेतृत्व ने राहुल गांधी का स्वागत किया। यहां पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने द्वारिकाधीश मंदिर में जाकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुजरात में आज के दिन से ही परिवर्तन शुरू हो गया है।
द्वारका में चल रहे कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में राहुल गांधी के पहुंचने पर श्री कृष्ण और बलराम जी का प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि हाथ पकड़ना और हाथ मिलाना भाजपा का काम है, हमें किसी का पैर पकड़ने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि उसके पास केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), प्रवर्तन निदेशालय (ED), पुलिस और गुंडे हैं, लेकिन अंत में केवल सत्य मायने रखता है, जो गुजरात ने देश की जनता को सिखाया है।
गांधी ने गुजरात कांग्रेस द्वारा आयोजित चिंतन शिविर के दूसरे दिन यहां पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘उनके पास सीबीआई, ईडी, मीडिया, पुलिस, गुंडे और हर दिन के लिये नए-नए परिधान हैं। लेकिन वे चीजें बिल्कुल भी मायने नहीं रखतीं। गुजरात हमें सिखाता है कि सत्य क्या है। गांधी जी को देखिए। क्या उनके पास कभी अच्छे कपड़े थे, ईडी या सीबीआई थी? नहीं, क्योंकि सत्य सदैव साधारण होता है।’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझना चाहिए कि वे पहले ही गुजरात विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। आप इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। गुजरात के लोग आपको बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस को जितना नुकसान पहुंचाया है, उससे ज्यादा गुजरात के लोगों को पहुंचाया है।’
गांधी यहां राज्य कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में भाग लेने के लिए आए हैं, जिसका आयोजन इस साल दिसंबर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए एक विस्तृत रणनीति तैयार करने पर चर्चा के लिए किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर आने से पहले, उन्होंने यहां द्वारकाधीश मंदिर का दौरा किया, जहां उन्होंने भगवान कृष्ण की पूजा की।