एक दिन में 2 करोड़ से अधिक लोगों के वैक्सीनेशन पर बोले राहुल-देश को इसी गति की जरूरत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देश ने एक दिन के टीकाकरण अभियान के तहत 2 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया। इसपर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में भी रोजाना टीकों की दो करोड़ से अधिक खुराक दी जाएगी।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘‘आशा करता हूं कि और दिनों में भी रोजाना टीकों की 2.1 करोड़ खुराक दी जाएगी। हमारे देश को इसी गति की जरूरत है।’’
उल्लेखनीय है कि भारत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर टीकाकरण अभियान को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए कोविड-19 टीके की 2.50 करोड़ से अधिक खुराक देकर एक रिकॉर्ड बनाया। को-विन पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक दी गई कुल खुराक शुक्रवार मध्यरात्रि 12 बजे 79.33 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।
विभिन्न खबरों के अनुसार इससे पहले दैनिक खुराक का रिकॉर्ड चीन ने बनाया था, जहां जून में 2.47 करोड़ टीके लगाए गए थे। एक दिवसीय टीकाकरण अभियान में पहले स्थान पर रहते हुए कर्नाटक ने 26.92 लाख लोगों को टीके की खुराक दी। इन आंकड़ों के साथ कर्नाटक ने बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया। बिहार और उत्तर प्रदेश में लगभग एक दिन में 26.62 लाख और 24.86 लाख खुराकें दी हैं।