सरकार से नाराजगी दूर हुई या नहीं? सवाल पर राकेश टिकैत ने दिया ऐसा जवाब

देश

Loading

कृषि कानूनों की वापसी के बाद किसानों ने सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति जाहिर करते हुए आंदोलन की वापसी का फैसला लिया। किसान नेता राकेश टिकैत ने भी ऐलान किया था कि 11 दिसंबर से दिल्ली के बॉर्डर खाली होने शुरू हो जाएंगे और किसान भी घर लौटने लगेंगे। हालांकि राकेश टिकैत का कहना है कि वह 15 दिसंबर को अपने घरों को लौटेंगे। किसान आंदोलन को लेकर ही राकेश टिकैत ने न्यूज एंकर रोहित सवल को भी इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने किसान नेता से सरकार के विषय में सवाल करने के साथ-साथ यूपी चुनाव के बारे में भी कई बातें पूछीं।

रोहित सवल ने भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत से सवाल किया, “अब जिस निर्णायक मोड़ पर किसान आंदोलन पहुंचा। सरकार से बातचीत हुईं, मांगें भी मान ली गईं तो क्या अब सरकार से नाराजगी दूर हुई या नहीं?” उनकी बात का जवाब देते हुए राकेश टिकैत ने कहा, “जब समझौता हो जाता है तो फिर नाराजगी नहीं रहती है। समझौतों के आधार पर समझौते होते हैं।”

राकेश टिकैत ने न्यूज एंकर को दिए जवाब में आगे कहा, “सरकार अब अपना काम करे।” उनकी बात पर न्यूज एंकर ने कहा, “जी, ये आपने बड़ी बात कह दी।” राकेश टिकैत ने आंदोलन में मिले समर्थन पर भी बातचीत की और कहा, “इसमें करीब 550 संगठन जुड़े थे। दक्षिण में पहले भी हमारा पहले ही संगठन था। लेकिन एसकेएम की पहचान बनी। पूरे देश के किसानों का जुड़ाव एसकेएम से हुआ है।”

इंटरव्यू के बीच न्यूज एंकर रोहित सवल ने राकेश टिकैत से यूपी चुनाव के सिलसिले में भी बातचीत की। उन्होंने पूछा, “यूपी में चुनाव होने वाले हैं तो इसमें आपकी क्या भूमिका रहेगी? आप तटस्थ रहेंगे या आपका कोई खास योगदान रहेगा।” उनकी बात का जवाब देते हुए किसान नेता ने कहा, “जब तक चुनाव आचार संहिता नहीं लगती, तब तक सरकार से कुछ काम करवा लेने दो।”

राकेश टिकैत ने बात का जवाब देते हुए आगे कहा, “चुनाव आचार संहिता से पहले सरकार बहुत काम करती है, वो काम कर लेने दो।” राकेश टिकैत ने यूपी चुनाव से जुड़े सवाल को लेकर न्यूज एंकर पर तंज कसने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, “उलझाने में आप लग बहुत तेज हैं। अभी तो लोग अपने घर भी नहीं गए, अभी से ही दूसरी चीजों में क्यों जोत रहे हैं। काम के आधार पर सरकार को वोट दिया जाता है, हमारे कहने पर कौन वोट देगा।”