गोवा दौरे पर पहली बार पहुंचीं पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि उनकी पार्टी का अर्थ ‘मंदिर (Temple), मस्जिद (Mosque), गिरिजाघर (Church)’ है. सीएम ममता बनर्जी से सवाल किया गया कि क्या प्रधानमंत्री बनने के सफर की शुरुआत गोवा से होगी, तो इस पर उन्होंने अन्य पार्टियों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘यह पीएम बनने या नहीं बनने के बारे में नहीं है. हमने गोवा में शांति और समृद्धि के लिए टीएमसी लॉन्च की है. यह गोवा से भारत तक शुरू होगी… जैसे हम बंगाल की जंग लड़े थे, वैसे ही पूरे देश में लड़ेंगे. क्योंकि कुछ पार्टियां हैं, जो पहल नहीं कर रही हैं.’
पणजी.
पहली बार गोवा दौरे पर पहुंचीं पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्थानीय लोगों को TMC का ‘मतलब’ समझाया. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी का अर्थ ‘मंदिर (Temple), मस्जिद (Mosque), गिरिजाघर (Church)’ है. बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने गोवा में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है. शुक्रवार को बनर्जी ने मछली बाजार, मंदिरों समेत कई जगहों का दौरा किया. पार्टी को राज्य में हाल ही में टेनिस स्टार लिएंडर पेस और एक्टर नफीसा अली का साथ मिला है.
हालांकि, टीएमसी नेताओं ने विधानसभा चुनाव से पहले ही गोवा में अपनी जमीन मजबूत करने की शुरुआत कर दी थी. शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान सीएम बनर्जी ने कहा, ‘मैं आपकी बहन की तरह हूं. मैं यहां आपकी ताकत हासिल करने नहीं आई हूं…’ इस दौरान बनर्जी से वोटों के गणित को लेकर सवाल किया गया कि क्या उनके आने से विपक्ष को चोट लगेगी और भारतीय जनता पार्टी को फायदा होगा?
इस पर टीएमसी सुप्रीमो ने कहा, ‘जब टीएमसी आती है, तभी हम वोट बांटते हैं? दूसरी पार्टियों का क्या?… यह कोई सामंती जमींदारगिरी या दादागिरी नहीं हो सकती कि केवल दिल्ली के लोग ही चुनाव लड़ेंगे और दूसरे नहीं.’ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बनर्जी ने कहा कि बीजेपी ने कई बार उनपर ‘हिंदू विरोधी’ होने का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा, ‘मैं हिंदू हूं. आप मुझे कैरेक्टर सर्टिफिकेट देने वाले कौन होते हैं?… मैं ब्राह्मण परिवार से हूं, लेकिन यह सब नहीं बताती… मैं मर जाऊंगी, लेकिन मैं कभी भी देश के बाटूंगी नहीं. हम लोगों को जोड़ते हैं…’
अन्य पार्टियों पर निशाना
सीएम बनर्जी से सवाल किया गया कि क्या प्रधानमंत्री बनने के सफर की शुरुआत गोवा से होगी, तो इस पर उन्होंने अन्य पार्टियों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘यह पीएम बनने या नहीं बनने के बारे में नहीं है. गमने गोवा में शांति और समृद्धि के लिए टीएमसी लॉन्च की है. यह गोवा से भारत तक शुरू होगी… जैसे हम बंगाल की जंग लड़े थे, वैसे ही पूरे देश में लड़ेंगे. क्योंकि कुछ पार्टियां हैं, जो पहल नहीं कर रही हैं.’
मछली बाजार में स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने चार वादे किए. इनमें सरकारी सब्सिडी में ढाई गुना इजाफा, 4 हजार रुपये भत्ता, मछुआरा कल्याण बोर्ड की स्थापना शामिल है. लोगों से मुलाकात के बाद बनर्जी दक्षिण गोवा के मंदिरों में भी पहुंची. इससे पहले डोना पॉला में उन्होंने पूर्व टेनिस स्टार पेस को पार्टी में शामिल किया था और उन्हें अपना ‘प्यारा छोटा भाई’ बताया था.




