एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी पर बोले राहुल- देश अन्याय के खिलाफ हो रहा है एकजुट

देश की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपए की बढ़ोतरी की है। एलपीजी सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहा है।
कांग्रेस पार्टी पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार पर लगातार हमला करती रही है और केन्द्र सरकार द्वारा लगाए गए कुछ करों को हटाकर इन उत्पादों के दाम कम करने की मांग कर रही है।
गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘ जनता को भूखे पेट सोने पर मजबूर करने वाला ख़ुद मित्र-छाया में सो रहा है…लेकिन अन्याय के खिलाफ देश एकजुट हो रहा है।’’कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने हैशटैग ‘भाजपा की लूट के खिलाफ भारत’ लिखते हुए चार महानगरों में इस साल जनवरी से लेकर अभी तक, एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि की एक सूची भी साझा की।