IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ खराब किए रिव्यू तो माइकल वॉन ने इस तरह साधा टीम पर निशाना
नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। मैच के चौथे दिन एक बार फिर भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और छठी बार पारी में पांच विकेट लेकर इंग्लैंड को दूसरी पारी में कप्तान जो रूट के शतक के बावजूद बड़ा स्कोर बनाने से रोका। एक समय ऐसा भी था, जब इंग्लैंड के बल्लेबाजों को आउट करने में भारतीय गेंदबाजों को परेशानी हो रही थी। इसी का नतीजा था कि टीम ने इस दौरान अपने सभी रिव्यू गंवा दिए। रिव्यू खराब होने और गंवाने पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारतीय टीम की जमकर आलोचना की है।
उन्होंने चौथे दिन के खेल के दौरान ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘भारत डीआरएस लेने में बहुत खराब है।’ इंग्लैंड की पारी के दौरान जब कप्तान रूट 97 रन बनाकर खेल रहे थे तो उस समय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को डीआरएस लेने के लिए मना लिया था। लेकिन यहां भारत का रिव्यू खराब गया और बाद में भी टीम के रिव्यू खराब हुए।




