तीसरी लहर की आहट हैं कई राज्यों में फिर से बढ़ रहे कोरोना के मामले, जानें- क्यों एक्सपर्ट्स ने कही यह बात

Breaking News

नई दिल्ली

कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका के बीच, जुलाई के पहले 11 दिनों में महाराष्ट्र में कोरोना के 88,130 नए मामले सामने आए। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस के मामलों में आ रही ये तेजी तीसरी लहर की आहट हो सकती है क्योंकि महाराष्ट्र में वायरस ने पिछली दो लहरों में इसी तरह के संकेत दिखाए हैं।

केरल में स्थिति सबसे बुरी 

वहीं दूसरी लहर के दौरान 25,000 मामले देखने वाली दिल्ली में 1 से 11 जुलाई के बीच केवल 870 केस सामने आए हैं। बता दें कि केरल देश का एकमात्र राज्य है जिसने इस दौरान महाराष्ट्र से अधिक मामले दर्ज किए हैं। 1 जुलाई से 10 जुलाई तक, केरल में 1,28,951 नए कोविड -19 मामले दर्ज किए गए।

सबसे ज्यादा टीकाकरण, सबसे ज्यादा संक्रमण?

महाराष्ट्र के भीतर, कोल्हापुर जिले में पिछले 15 दिनों में 3,000 मामले सामने आए हैं, जबकि मुंबई में पिछले तीन दिनों से 600 से कम मामले सामने आ रहे हैं। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ शशांक जोशी ने कहा है कि कोल्हापुर की स्थिति अजीब है क्योंकि इसमें टीकाकरण प्रतिशत सबसे अधिक है और संक्रमण दर भी सबसे अधिक है।

5 राज्यों में सबसे अधिक मामले

भारत में सोमवार को कोरोना वायरस के 37 हजार 154 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद अब देश में कुल केस 3 करोड़ 8 लाख 74 हजार 376 हो गए हैं। अब देश में इलाजरत मरीजों की संख्या कुल मामलों का 1.46 फीसदी है। फिलहाल भारत में कोरोना के 4 लाख 50 हजार 899 ऐक्टिव केस हैं। हालांकि, अभी भी पांच राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले दर्ज हो रहे हैं। केंद्र सरकार भी इन राज्यों से चिंतित है और अब कोरोना संक्रमण की बढ़ोतरी वाले राज्यों में केंद्रीय टीमें भी रवाना कर दी गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार ने बताया कि जिन राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, केंद्र सरकार पहले ही वहां अपनी टीमें भेज चुकी हैं। जिन राज्यों में कोरोना के मामले कम नहीं हो रहे हैं उनमें महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश शामिल हैं।