ताउते के बाद चक्रवात ‘Yaas’ देगा दस्तक, बंगाल की खाड़ी से टकराकर मचा सकता है तबाही

महाराष्ट्र और गुजरात में चक्रवात तूफान ताउते ने बड़ी तादात में तबाही मचाई। राज्य में कई जगह पेड़ और खंबे उखड़ गए, वहीं कई लोगों की मौत भी हुई। ताउते के बाद देश में एक और चक्रवाती तूफान दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने एक और चक्रवात तूफान का अलर्ट जारी कर दिया गया है। ‘यास’ नाम के इस तूफान का प्रभाव ओडिशा और बंगाल में दिखाई देगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर और बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी में 22 मई को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जो इसके बाद के 72 घंटों में चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। विभाग के चक्रवात चेतावनी प्रभाग ने बताया कि यह उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ सकता है और 26 मई की शाम तक पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों तक पहुंच सकता है।
उसने बताया कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और मेघालय 25 मई से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जो बंगाल खाड़ी तक पहुंचने तक 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती हैं। तूफान के खतरे को देखते हुए मछुआरों को भी चेतावनी जारी कर दी गई है।
इससे पहले पश्चिम बंगाल ने अम्फान तूफान से भारी तबाही का मंजर देख रखा है। उस एक तूफान की वजह से कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी और करोड़ों का नुकसान हुआ था। हालांकि ‘यास’ से पहले सभी तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पिछले साल आए तूफान से मची तबाही से बचा जा सके।