सभी राज्य

50 रुपए के लिए युवक को चाकू से गोदकर मार डाला, नशे के लिए पैसे नहीं देने पर किया हमला; लोगों ने शव रख जाम की सड़क

गिरिडीह में 50 रुपए नहीं देने पर चाकू से गोदकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक अखाड़ा देखकर लौट रहा था। नशे के लिए पैसे नहीं देने की वजह से उसपर हमला किया गया। लोगों ने सड़क जाम की।

गिरिडीह

गिरिडीह में अखाड़ा देखकर लौट रहे युवक की 50 रुपए के लिए चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। 28 वर्षीय जावेद अंसारी आजाद नगर बुधुटिल्हा का रहनेवाला था। घटना बीती रात 1.20 बजे की है। बताया गया कि खुटवाढाब में शनिवार की शाम अखाड़ा प्रतियोगिता देखने के बाद जावेद बाइक से एक दोस्त के साथ लौट रहा था। जब वे लोग आजाद नगर पहुंचे, तो बदमाशों ने उसे रोक लिया।

कहा जा रहा है कि बदमाशों ने उससे 50 रुपए की मांग की। बदमाशों ने नशा करने के लिए जावेद से पैसे की मांग की। पैसा नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला कर जावेद की हत्या कर दी गई। ताबड़तोड़ हमला देख उसका दोस्त डर से भाग गया। हल्ला सुन मो इलियास अंसारी व सागर अंसारी बचाने के लिए दौड़े तो उनको भी चाकू से मारकर घायल कर दिया गया। इसके बाद बदमाश भाग गए।

इस घटना के बाद हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार सुबह आजाद नगर के स्थानीय लोगों ने मृतक जावेद का शव भंडारीडीह के चांदनी चौक पर रखकर जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर डीएसपी मुख्यालय वन संजय कुमार राणा, नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी एवं पचंबा थाना प्रभारी सौरभ राज पुलिस जवानों के साथ पहुंचे। लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोग समझने को तैयार नहीं हुए। जाम करनेवाले लोग बारिश में भी डटे रहे।

विधायक के समझाने पर ढाई घंटे बाद हटा जाम

इधर घटना की सूचना पर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों से बात की। परिजनों को समझाया गया वहीं मुआवजा दिलवाने तथा हर संभव सरकारी सहायता करने का भरोसा दिया गया। साथ ही पचंबा पुलिस द्वारा दाह संस्कार के लिए मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद की गई। लगभग ढाई घंटे तक सड़क जाम रही। सड़क जाम हटा लिया गया।

विधायक ने कहा कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के परिवार को यथासंभव सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। घटना को लेकर मृतक के भाई ने बताया कि शाम को घर आने के बाद जावेद अखाड़ा देखने चला गया। रात में 1.25 में असमुद्दीन नामक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि तुम्हारे भाई के गले में छुरी मार दिया गया है। यह सुनकर हमलोग मौके पर पहुंचे। यहां पर मस्तान, तौकिफ व शाकिब आपस में लड़ रहे थे। इन्हीं लोगों ने उसके भाई को मारा है।

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button