‘भारत बंद’- इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का होता है अंत: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को किसानों द्वारा तीन कृषि कानूनों का विरोध करते हुए ‘भारत बंद’ के लिए समर्थन व्यक्त किया। केंद्र द्वारा पारित कृषि कानून को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है और विपक्ष भी इस मुद्दे पर लगातार सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का अंत होता है।
किसानों के समर्थन में राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का अंत होता है। आंदोलन देशहित में हो और शांतिपूर्ण हो!”#आज_भारत_बंद_है
बता दें कि कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के प्रदर्शन को शुक्रवार को 4 महीने पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने सुबह ही नेशनल हाइवे 9 और 24 दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेस वे को ब्लॉक कर दिया है, जिसके चलते राहगीरों को वापस लौटना पड़ रहा है।
दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसानों के धरने चल रहे हैं, वे सड़कें पहले से ही बंद हैं। इस दौरान वैकल्पिक रास्ते खोले गए थे। भारत बंद के दौरान सुबह 6 से शाम 6 बजे तक इन वैकल्पिक रास्तों को भी बंद किया जाएगा। इसी तर्ज पर किसानों ने बॉर्डर के बगल से निकल रहे हाइवे पर बैठ गए हैं। दरअसल, ये भारत बंद सुबह 6 से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। पूर्ण भारत बंद के तहत सभी दुकानें, मॉल, बाजार और संस्थान बंद रहेंगे।