![]()
,नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत की ओर से ईशान किशन ने डेब्यू किया। डेब्यू मैच में ईशान ने ताबड़तोड़ 56 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया की जीत की नींव रखी। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में ईशान ने 32 गेंद पर पांच चौके और चार छक्कों की मदद से यह रन बनाए। ईशान ने अपनी इस पारी का क्रेडिट रोहित शर्मा को दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ईशान मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं और उन्होंने 2016 में गुजरात लायंस की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। इसके बाद वह मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े, जहां रोहित की कप्तानी में उनका खेल और भी निखर गया।
‘रोहित भाई की सलाह आई काम’
2020 आईपीएल में ईशान टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल थे। उन्होंने 13 पारियों में 516 रन ठोके थे। ईशान ओपनर और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर खेलते हैं और साथ ही विकेटकीपर भी हैं। मैच के बाद ईशान ने बताया कि वह अपने डेब्यू इंटरनेशनल मैच को लेकर नर्वस थे और रोहित की बातों से उन्हें काफी कॉन्फिडेंस मिला। 33 वर्षीय रोहित ने ईशान को सलाह दी थी कि वह अपना नैचुरल गेम खेलें। उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘क्रिकेटर के जीवन में कई लोग होते हैं, जो आपको कामयाब बनाने के लिए आपकी मदद करते हैं। रोहित भाई ने मुझे मैच से पहले कहा कि तुम पारी का आगाज करोगे और एकदम खुलकर खेलना, जैसे आईपीएल में खेलते हो।’
‘पहले मैच के बाद कुछ खास नहीं बदला’
इंग्लैंड ने जीत के लिए 165 रनों का लक्ष्य दिया था और सैम करन ने पहला ही ओवर विकेट-मेडेन फेंका था, जिससे टीम इंडिया दबाव में थी। इसके बाद ईशान किशन का क्रीज पर साथ देने कप्तान विराट कोहली आए और इन दोनों ने मिलकर टीम इंडिया की जीत की नींव रखी। उन्होंने कहा, ‘मैं नर्वस था, जब बल्लेबाजी के लिए गया था, लेकिन जब आप देश का झंडा देखते हैं और खुद को जर्सी पहना देखते हैं तो बस यही दिमाग में रहता है कि आपको अपना बेस्ट देना है। मुझे नहीं लगता है कि पहले मैच के बाद कुछ बदला। हमारे लिए वह एक खराब मैच था, आपको प्रोसेस पर ध्यान देना होता है, जो आपने रणनीति बनाई होती है उसके हिसाब से। हमें अपने प्लान पर बने रहना था। कुछ चीजें थीं, जिनका हमने ध्यान रखा बाकी पहले टी20 मैच के बाद ऐसा कुछ बदलाव नहीं हुआ।’
